IT कंपनी में बड़ा कांड: छेड़छाड़, रेप और जबरन धर्मांतरण के आरोप, 6 टीम लीडर गिरफ्तार

महाराष्ट्र के नासिक से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बड़ी आईटी कंपनी के अंदर महिलाओं के साथ छेड़छाड़, रेप और जबरन धर्मांतरण जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने इस मामले में अब तक 6 टीम लीडर्स को गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अलग-अलग थानों में कुल नौ केस दर्ज किए गए हैं. मुंबई नाका पुलिस स्टेशन में आठ और देवलाली पुलिस स्टेशन में एक मामला दर्ज किया गया है. इन मामलों में रेप, छेड़छाड़, धार्मिक भावनाएं आहत करने और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में एक पर रेप का आरोप है, जबकि बाकी पर महिला सहकर्मियों के साथ छेड़छाड़ और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं। रिपोर्ट में सामने आया है कि कुछ आरोपियों तैसिफ अत्तार, दानिश, शाहरुख शेख और रजा मेमन पर एक हिंदू युवक को जबरन धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने की शिकायत दर्ज की गई है। आरोप है कि युवक को दफ्तर में नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया गया और यहां तक कि उसे जबरन बीफ खिलाया गया। धर्म परिवर्तन के बाद की कुछ तस्वीरें भी सामने आने की बात कही जा रही है।

पुलिस का कहना है कि ये घटनाएं पिछले चार सालों में अलग-अलग समय पर हुईं। पीड़ित महिलाओं ने कंपनी के एचआर हेड को POSH कानून के तहत लिखित शिकायत भी दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। एक पीड़िता के मुताबिक, जब उसने यौन उत्पीड़न की शिकायत की, तो एचआर हेड ने इसे ‘एमएनसी में नॉर्मल’ बताते हुए चुप रहने की सलाह दी। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
