दर्दनाक हादसा! 1000 फीट गहरी खाई में गिरी SUV, 8 युवकों की मौत

रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में रविवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। पोलादपुर-महाबलेश्वर मार्ग स्थित अंबेनाली घाट में एक एसयूवी अनियंत्रित होकर करीब 1000 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में वाहन सवार 8 युवकों की मौत हो गई। सभी युवक सतारा जिले के अजगांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक सभी युवक दापोली घूमने गए थे और वहां से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अंबेनाली घाट के दाभिल गांव के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और एसयूवी सीधे खाई में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही पोलादपुर पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान खाई में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया गया। गहरी खाई और अंधेरे की वजह से बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं।

पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह तक एक शव बरामद कर लिया गया था, जबकि बाकी लोगों को निकालने का अभियान जारी रहा। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि घाट के खतरनाक मोड़ पर वाहन चालक संतुलन खो बैठा, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
