शराब पार्टी बनी हत्या की वजह, चंद घंटों में 8 आरोपी गिरफ्तार
ग्राम डाही में विवाद के बाद युवक की लट्ठे और पत्थर से हत्या, दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल

धमतरी। धमतरी पुलिस ने थाना कुरूद क्षेत्र के ग्राम डाही में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का चंद घंटों के भीतर खुलासा करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में 6 वयस्क और 2 विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त लकड़ी का लट्ठा और बोल्डर पत्थर भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार 29 जून 2026 की रात ग्राम डाही-बगदेही मार्ग स्थित शीतला मंदिर के आगे मोबाइल टावर के पास कुछ युवक शराब पी रहे थे। इसी दौरान हुलास मंडावी (32) निवासी ग्राम डाही और अन्य युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि रोशन ध्रुव और मुकेश यादव ने सड़क किनारे पड़े लकड़ी के मोटे लट्ठे से हुलास मंडावी के सिर पर लगातार वार किए। इसके बाद एक अन्य आरोपी ने बोल्डर पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से हुलास मंडावी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय अन्य आरोपी भी वहां मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। चिकित्सक की प्रारंभिक रिपोर्ट में मौत का कारण हत्यात्मक पाए जाने के बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी कुरूद के मार्गदर्शन में थाना कुरूद एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम गठित की गई। मुखबिर सूचना, तकनीकी विश्लेषण और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पूरी रात अभियान चलाकर मामले का खुलासा करते हुए सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार वयस्क आरोपियों में रोशन ध्रुव (21), मुकेश यादव (19), अमन नेताम (19), रविशंकर पटेल (22), चंद्रशेखर पटेल (22) और सागर मरकाम (25) शामिल हैं। सभी ग्राम डाही, थाना कुरूद, जिला धमतरी के निवासी हैं। इसके अलावा दो विधि से संघर्षरत बालकों की भी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सभी वयस्क आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
