बंजी जंपिंग बनी मौत की छलांग,कर्मचारियों की लापरवाही से गई युवती की जान, 130 फीट गहरी खाई में धकेल दिया


ब्राजील। ब्राजील के São Paulo राज्य में बंजी जंपिंग के दौरान हुई एक दर्दनाक दुर्घटना में 21 वर्षीय युवती की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कर्मचारियों की गंभीर लापरवाही के कारण युवती को बिना सेफ्टी रोप लगाए ही पुल से छलांग लगवा दी गई, जिससे वह 130 फीट से अधिक गहराई में जा गिरी।

मृतका की पहचान Maria Eduarda Rodrigues de Freitas के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी द्वारा आयोजित बंजी जंपिंग गतिविधि में हिस्सा लेने पहुंची थी। हादसा स्केलेटन ब्रिज पर हुआ, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाई देता है कि कर्मचारी युवती को पुल के किनारे ले जाते हैं और उसे छलांग लगाने के लिए कहते हैं। जैसे ही वह नीचे गिरने लगती है, वहां मौजूद लोगों को एहसास होता है कि उसकी सेफ्टी रोप बंधी ही नहीं है।

वीडियो में कई लोगों की घबराई हुई आवाजें सुनाई देती हैं। लोग लगातार "रोप... रोप..." चिल्लाते हैं, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी होती है और युवती गहरी खाई में गिर जाती है।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती कार्रवाई के तहत छह लोगों को हिरासत में लिया गया है और यह पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
