अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस पर पालकों को किया जागरूक, बच्चों को नशे से बचाने का दिया संदेश

रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर 26 जून को नया रायपुर स्थित क्रिस्टल इंडिया लर्निंग स्कूल में बच्चों के पालकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संकल्प नशा मुक्ति केंद्र शंकर नगर रायपुर, स्टेट लेवल कोऑर्डिनेटिंग एजेंसी, आउटरीच ड्रॉप इन सेंटर एवं कम्युनिटी बेस्ड पीयर लीड इंटरवेंशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम में संकल्प सांस्कृतिक समिति की डायरेक्टर मनीषा शर्मा के निर्देशन में पालकों को नशे के दुष्परिणाम, बचाव एवं उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। उपस्थित अभिभावकों को बताया गया कि अधिकांश बच्चे अपने घरों में पिता अथवा अन्य बड़े सदस्यों को नशा करते हुए देखते हैं, जिससे वे भी धीरे-धीरे नशे की ओर आकर्षित होने लगते हैं। विशेषज्ञों ने बताया कि वर्तमान समय में बच्चे घरों में उपलब्ध दैनिक उपयोग की कई वस्तुओं का भी नशे के रूप में दुरुपयोग कर रहे हैं, जो उनके स्वास्थ्य के लिए अत्यंत खतरनाक साबित हो सकता है। साथ ही नशे की लत के कारण कई बच्चे अपराध की दुनिया में कदम रख रहे हैं तथा नशीले पदार्थों की खरीद के लिए चोरी जैसी घटनाओं में भी शामिल हो रहे हैं।

पालकों को सलाह दी गई कि वे अपने बच्चों के साथ अधिक समय बिताएं, उनकी गतिविधियों पर नजर रखें तथा किसी भी प्रकार का संदेह होने पर तुरंत नशा मुक्ति केंद्र या विशेषज्ञों से संपर्क करें। उन्हें यह भी समझाया गया कि अभिभावकों को स्वयं भी नशे से दूर रहना चाहिए, क्योंकि नशे का दुष्प्रभाव वृद्धावस्था में गंभीर बीमारियों के रूप में सामने आ सकता है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने नशा मुक्ति, बचाव एवं उपचार से जुड़े प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाएं व्यक्त कीं। आयोजन को सफल बनाने में संकल्प संस्था के सदस्यों तथा क्रिस्टल इंडिया लर्निंग स्कूल के स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
