दुर्ग में इस आइसक्रीम पार्लर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, दुर्ग पुलिस के छापे में 3 युवतियां और 3 ग्राहक पकड़े गए

कोतवाली और ACCU की संयुक्त कार्रवाई, लॉज से आपत्तिजनक सामग्री व बड़ी संख्या में कंडोम बरामद

दुर्ग में इस आइसक्रीम पार्लर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, दुर्ग पुलिस के छापे में 3 युवतियां और 3 ग्राहक पकड़े गए

दुर्ग। शहर में आइसक्रीम पार्लर और लॉज की आड़ में संचालित किए जा रहे कथित देह व्यापार के एक बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। कोतवाली पुलिस और एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की संयुक्त टीम ने रविवार दोपहर एक परिसर में छापा मारकर तीन युवतियों और तीन ग्राहकों को हिरासत में लिया। मामले में दुकान संचालक से भी पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम रविवार दोपहर करीब 3 बजे तीन वाहनों में मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दस्तावेजों की जांच की और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। देर शाम तक पुलिस की जांच और पूछताछ जारी रही।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भवन के निचले हिस्से में मिठाई दुकान और आइसक्रीम पार्लर संचालित किया जा रहा था, जबकि ऊपरी मंजिल पर बने लॉज में कथित तौर पर देह व्यापार का कारोबार चल रहा था। पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में कंडोम के पैकेट और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है, जिन्हें जब्त कर जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।

सूत्रों के मुताबिक, लॉज में आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित था। केवल उन्हीं लोगों को अंदर जाने की अनुमति दी जाती थी, जिनके मोबाइल नंबर पहले से दर्ज या सेव रहते थे। इससे पुलिस को आशंका है कि पूरा नेटवर्क सुनियोजित तरीके से संचालित किया जा रहा था। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस हिरासत में लिए गए युवतियों, ग्राहकों और संचालक से अलग-अलग पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि यह कारोबार कब से संचालित हो रहा था, इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और नेटवर्क का दायरा कितना बड़ा है।

फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस और एसीसीयू की टीम मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ पीटा एक्ट (अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम) सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।