धमतरी में नशे पर बड़ा वार: घर से 1.150 किलो गांजा के साथ महिला गिरफ्तार

सिहावा पुलिस की दबिश में गांजा, नकदी और मोबाइल जब्त, कुल ₹49,650 की सामग्री बरामद

धमतरी में नशे पर बड़ा वार: घर से 1.150 किलो गांजा के साथ महिला गिरफ्तार

धमतरी। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा बेचने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। थाना सिहावा पुलिस ने ग्राम गिधावा में दबिश देकर महिला के घर से 1.150 किलोग्राम अवैध गांजा, गांजा बिक्री से मिली नकदी और एक मोबाइल फोन जब्त किया।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान सिहावा पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम गिधावा में एक महिला अपने घर से गांजा बेच रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में घर पर छापा मारा।

तलाशी के दौरान घर के अंदर पलंग के नीचे रखे एक थैले से 1.150 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से ₹2,650 नकद, जिसे गांजा बिक्री की रकम बताया गया, और एक की-पैड मोबाइल फोन भी जब्त किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत ₹49,650 आंकी गई है।

गिरफ्तार महिला की पहचान धनेश्वरी साहू (39 वर्ष), निवासी ग्राम गिधावा, थाना सिहावा, जिला धमतरी के रूप में हुई है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

धमतरी पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, बिक्री, परिवहन या भंडारण की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।