हत्या को आत्महत्या दिखाने की साजिश नाकाम, युवक की हत्या में मां और भाई गिरफ्तार

धमतरी पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाया अंधा कत्ल, शराब के लिए पैसों के विवाद में गला दबाकर की थी हत्या

हत्या को आत्महत्या दिखाने की साजिश नाकाम, युवक की हत्या में मां और भाई गिरफ्तार

धमतरी। धमतरी पुलिस ने 48 घंटे के भीतर एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की मां और भाई को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने पहले युवक की गला दबाकर हत्या की, फिर शव को फांसी पर लटकाकर मामले को आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची। पुलिस की वैज्ञानिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। मामला थाना कुरूद क्षेत्र की चौकी बिरेझर अंतर्गत ग्राम गोजी का है। 29 जून 2026 को 23 वर्षीय नरसिंग साहू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण, वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के विश्लेषण के बाद मामला हत्या का निकला।

जांच के दौरान मृतक के भाई नरेश साहू (22) और मां कमला बाई साहू (60) से पूछताछ की गई। दोनों ने स्वीकार किया कि नरसिंग शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। पैसे नहीं मिलने पर विवाद बढ़ गया और गुस्से में दोनों ने पहले हाथ से गला दबाया, फिर नारियल की रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने यह भी बताया कि मृतक के जीवित होने की आशंका में उसे कीटनाशक दवा भी पिला दी थी।

हत्या के बाद दोनों ने शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की और परिजनों व पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी बनाई। हालांकि पुलिस की गहन विवेचना और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 199/2026 के तहत धारा 103(1), 238, 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।