डायल-112 बनी जीवनरक्षक, सर्पदंश पीड़ित को समय पर पहुंचाया अस्पताल

डायल-112 बनी जीवनरक्षक, सर्पदंश पीड़ित को समय पर पहुंचाया अस्पताल

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस की डायल-112 आपातकालीन सेवा ने एक बार फिर तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सर्पदंश से पीड़ित एक ग्रामीण की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 22 जून 2026 को डायल-112 कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि थाना एड़का क्षेत्र के ग्राम बड़ागांव में एक व्यक्ति को जहरीले सर्प ने काट लिया है। सूचना मिलते ही डायल-112 की इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (ERV) टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

पुलिस टीम ने करीब 28 किलोमीटर की दूरी तय कर घटनास्थल पर पहुंचकर सर्पदंश पीड़ित को सुरक्षित वाहन में बैठाया और बिना समय गंवाए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किसकोड़ो पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने पीड़ित को तत्काल भर्ती कर आवश्यक उपचार शुरू किया। समय पर पुलिस सहायता और चिकित्सा सुविधा मिलने से पीड़ित की स्थिति सुरक्षित बनी रही। ग्रामीणों ने भी डायल-112 टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। नारायणपुर पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस हमेशा तत्पर है। आपातकालीन परिस्थितियों में डायल-112 सेवा लगातार लोगों तक त्वरित मदद पहुंचाकर जनसेवा का कार्य कर रही है।