नशे में बस चला रहे थे दो ड्राइवर, ट्रैफिक पुलिस ने दोनों बसें की जब्त
चीखली चौक पर जांच में खुलासा, स्कूल बस और दुर्ग-कवर्धा यात्री बस के चालकों को भेजा न्यायालय


दुर्ग। स्कूली बच्चों और यात्रियों की जान जोखिम में डालकर नशे की हालत में बस चलाना दो चालकों को भारी पड़ गया। यातायात पुलिस दुर्ग ने सोमवार को चीखली चौक पर वाहन जांच के दौरान दोनों चालकों को नशे की हालत में बस चलाते पकड़ा। पुलिस ने दोनों बसों को जब्त कर चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।
यातायात पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए चीखली चौक पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान कृष्णा पब्लिक स्कूल की बस क्रमांक CG 07 CT 0968 के चालक की जांच की गई। चालक के नशे की हालत में होने की पुष्टि होने पर बस को जब्त कर लिया गया।
इसी दौरान दुर्ग से कवर्धा संचालित दुर्ग रोडवेज की यात्री बस क्रमांक CG 07 E 1762 के चालक को भी नशे की हालत में वाहन चलाते पाया गया। यातायात पुलिस ने इस बस को भी जब्त कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की।
दोनों चालकों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए भेजा गया है।
स्कूल बसों की जांच जारी रहेगी
यातायात पुलिस ने कहा कि स्कूली बच्चों और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल बस एवं यात्री बस चालकों की नियमित जांच आगे भी जारी रहेगी। नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
