बस स्टैंड में गांजा बेचने आया महाराष्ट्र का युवक गिरफ्तार
यात्री प्रतीक्षालय के पास ग्राहक तलाश रहा था आरोपी, 2.520 किलो गांजा समेत ₹1.26 लाख की सामग्री जब्त

दुर्ग। दुर्ग बस स्टैंड के यात्री प्रतीक्षालय के पास गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे महाराष्ट्र निवासी युवक को पदमनाभपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2.520 किलोग्राम गांजा, ₹540 नकद और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत ₹1,26,540 बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक 6 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दुर्ग बस स्टैंड के यात्री प्रतीक्षालय के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पदमनाभपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान वसंत श्याम राव ओमकारे (32), निवासी अंतुले नगर, येवलेबाड़ी, थाना कोंढवा, जिला पुणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास रखे काले रंग के बैग से 2.520 किलो गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने गांजा के अलावा बिक्री से प्राप्त ₹540 नकद और जियो भारत कंपनी का की-पैड मोबाइल फोन भी जब्त किया। आरोपी के खिलाफ थाना पदमनाभपुर में अपराध क्रमांक 529/2026 के तहत धारा 20(ख), 27(क) NDPS Act में कार्रवाई की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
दूसरे राज्य से गांजा लाकर बेचने का प्रयास
पुलिस के अनुसार आरोपी महाराष्ट्र से गांजा लेकर दुर्ग पहुंचा था और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थान के आसपास ग्राहकों की तलाश कर इसकी बिक्री करने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
