गणेशोत्सव से पहले पुलिस का फ्लैग मार्च, उपद्रवियों को सख्त संदेश
कलेक्टर-एसपी की मौजूदगी में शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने दिखाया दमखम; अड्डेबाजी, शराबखोरी और गुंडागर्दी पर जीरो टॉलरेंस

धमतरी। आगामी जन्माष्टमी और गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए धमतरी पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को कलेक्टर अबिनास मिश्रा और पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के नेतृत्व में शहर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला।
फ्लैग मार्च गांधी मैदान से शुरू हुआ और शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों तथा संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। पुलिस बल ने लक्ष्मी निवास, अंबेडकर चौक, रत्नाबांधा, मकई चौक, सदर बाजार, विंध्यवासिनी मंदिर के सामने से सिहावा चौक, अर्जुनी चौक, भखारा रोड बाईपास, मुजगहन और लोहरसी होते हुए रत्नाबांधा रोड तक मार्च किया।
फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस और प्रशासन ने जहां आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया, वहीं असामाजिक तत्वों को साफ संदेश दिया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अड्डेबाजी और हुड़दंग पर रहेगी सीधी नजर
कलेक्टर और एसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान अड्डेबाजी, गुंडागर्दी, शराबखोरी, छेड़छाड़, मारपीट, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और अन्य असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों, उपद्रवी तत्वों और पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
जिलेभर में नाकाबंदी और वाहन जांच
एसपी भावना पांडेय के निर्देश पर सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में नाकाबंदी, वाहन चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच तेज कर दी गई है। प्रमुख मार्गों के साथ जिले के प्रवेश और निकास मार्गों पर भी पुलिस की तैनाती की गई है। रैंडम वाहन चेकिंग के साथ अवैध हथियार, शराब, मादक पदार्थ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
CCTV और पेट्रोलिंग से निगरानी
त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, पैदल पेट्रोलिंग और मोबाइल पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार शहर और आसपास के इलाकों में भ्रमण कर स्थिति पर नजर रख रही हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
अफवाहों से बचें, संदिग्ध गतिविधि की सूचना दें
पुलिस और प्रशासन ने जिलेवासियों से त्योहारों को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा नहीं करने कहा गया है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या किसी भी असामाजिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि नागरिकों की सजगता और सहयोग से ही त्योहारों के दौरान सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखा जा सकता है।
