कोसानाला टोल प्लाजा के पास दर्दनाक हादसा, रेलवे कर्मचारी की मौत
अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, सुपेला पुलिस सीसीटीवी से तलाश रही टक्कर मारने वाले वाहन को


भिलाई। नेशनल हाईवे पर कोसानाला टोल प्लाजा के पास गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में रेलवे कर्मचारी रविशंकर भारती (56) समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। दुर्घटना सुपेला थाना क्षेत्र में हुई।
जानकारी के मुताबिक रविशंकर भारती बाइक से नेशनल हाईवे से गुजर रहे थे। इसी दौरान कोसानाला टोल प्लाजा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान रविशंकर भारती ने दम तोड़ दिया। हादसे में बाइक सवार एक अन्य युवक की भी मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सुपेला पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। टोल प्लाजा और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान हो सके। पुलिस वाहन के नंबर और चालक की जानकारी जुटाने में लगी है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और मृतकों की पहचान से जुड़ी अन्य जानकारी भी जुटा रही है। अज्ञात वाहन की पहचान होने के बाद दुर्घटना की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
