आधी रात स्टंट कर रील बनाना पड़ा भारी, नशे में बुलेट चालक समेत 6 पर कार्रवाई

आधी रात स्टंट कर रील बनाना पड़ा भारी, नशे में बुलेट चालक समेत 6 पर कार्रवाई

दुर्ग। जामुल थाना क्षेत्र में आधी रात तेज रफ्तार और स्टंटबाजी कर रील बनाना युवकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने तीन सवारी बुलेट से स्टंट कर रहे चालक को शराब के नशे में पकड़ा। कार्रवाई के कुछ देर बाद उसके पांच साथी भी शराब के नशे में थाने पहुंच गए। पुलिस ने सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट और काले शीशे वाली थार पर भी मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार 7 सितंबर की रात करीब 2 बजे जामुल क्षेत्र में बुलेट क्रमांक CG 04 MY 3982 पर तीन युवक सवार होकर तेज रफ्तार में वाहन चला रहे थे। बुलेट में तेज आवाज वाला मॉडिफाइड साइलेंसर लगा था और युवक स्टंटबाजी करते हुए रील बना रहे थे। इससे दुर्घटना की स्थिति बन रही थी।

पुलिस ने तत्काल बुलेट को रोककर चालक की जांच की। चालक की पहचान पवन तिवारी, निवासी हाउसिंग बोर्ड जामुल के रूप में हुई। जांच में वह शराब के नशे में वाहन चलाते पाया गया। उसके खिलाफ थाना जामुल में अपराध क्रमांक 646/2026, धारा 281 BNS और धारा 184, 185 मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

पांच साथी भी नशे में पहुंचे थाने

पुलिस के मुताबिक घटना के करीब पांच मिनट बाद काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली थार से कुछ युवक थाना परिसर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पांचों का अल्कोहल टेस्ट कराया। सभी शराब के नशे में पाए गए।

सार्वजनिक स्थान थाना परिसर में शराब के नशे में पाए जाने और लोक शांति भंग करने के मामले में अंश कुमार (22), नमन पगार (19), अमित कुमार जयसवार (20), नितिन शर्मा (23), नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए आरोपी के साथी और नितिन शर्मा (23), आर्यन मिश्रा (21) के खिलाफ धारा 36(च) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

वहीं बिना नंबर प्लेट, काले शीशे/फिल्म और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर थार वाहन के खिलाफ भी मोटरयान अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बताया कि देर रात सार्वजनिक स्थान पर तेज रफ्तार, मॉडिफाइड साइलेंसर और स्टंटबाजी कर रील बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।