युवक की गला रेतकर हत्या का खुलासा, 18 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

पूर्व विवाद और मामूली रंजिश में वारदात को दिया अंजाम, गौठान के बरगद पेड़ के पास चाकू से किया था हमला

युवक की गला रेतकर हत्या का खुलासा, 18 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम कण्डेल में युवक की गला रेतकर हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में गांव के ही यावेन्द्र कुमार ध्रुव (18 वर्ष 1 माह) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और अन्य सामान बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 6 सितंबर की रात करीब 9 बजे ग्राम कण्डेल निवासी पारसमणी साहू (34) गांव के गौठान स्थित बरगद के पेड़ के पास मौजूद था। इसी दौरान पूर्व विवाद और रंजिश के चलते आरोपी ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गले में गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और पारसमणी की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना प्रभारी निरीक्षक शरद ताम्रकार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के पिता भारत राम साहू की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग

पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों, परिजनों और संदिग्धों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने कण्डेल निवासी यावेन्द्र कुमार ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में यावेन्द्र ने हत्या करना स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर गवाहों की मौजूदगी में घटना में इस्तेमाल चाकू और अन्य सामान जब्त किया गया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।