शराब दुकान में चोरी करने घुसे दो आरोपी अंदर ही फंसे, पुलिस ने दबोचा

नारायणपुर में तड़के 4 बजे वारदात की कोशिश, ₹9,300 नकद और चोरी में इस्तेमाल लोहे का स्क्रू-पाना बरामद

शराब दुकान में चोरी करने घुसे दो आरोपी अंदर ही फंसे, पुलिस ने दबोचा

नारायणपुर। बखरूपारा स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में चोरी करने घुसे दो आरोपियों को नारायणपुर पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी दुकान की कुंडी तोड़कर अंदर दाखिल हुए थे, लेकिन सुरक्षा गार्ड की आहट के बाद दुकान के भीतर ही छिप गए। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की ₹9,300 नकद राशि और वारदात में इस्तेमाल लोहे का स्क्रू-पाना बरामद किया गया है।

कुंडी तोड़कर दुकान में घुसे

पुलिस के अनुसार 21 अगस्त 2026 की सुबह करीब 4 बजे डायल-112 के जरिए अंग्रेजी शराब दुकान में चोरी की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल बखरूपारा स्थित दुकान पहुंची। मौके पर सुरक्षा गार्ड ने बताया कि दो अज्ञात व्यक्ति दुकान के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुसे थे। गार्ड की आहट सुनकर दोनों आरोपी दुकान के भीतर ही छिप गए।

दुकान के अंदर से दोनों गिरफ्तार

पुलिस ने दुकान की तलाशी लेकर दोनों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान कलम सिंह मांडले (50) और गणपत मोहनीया के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने कलम सिंह मांडले के कब्जे से घटना में इस्तेमाल लोहे का स्क्रू-पाना और गणपत मोहनीया के कब्जे से चोरी की ₹9,300 नकद राशि बरामद की।

पहले भी दर्ज हैं चोरी के मामले

पुलिस के मुताबिक विवेचना के दौरान दोनों आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई गई। जांच में दोनों के खिलाफ कांकेर जिले में चोरी के 2, कोंडागांव में 1 और धमतरी जिले में 1 प्रकरण पहले से दर्ज होना सामने आया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में अन्य आवश्यक विवेचना कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

1. कलम सिंह मांडले (50 वर्ष)
पिता नवल सिंह, निवासी पीपलदा, थाना गंधवानी, जिला धार, मध्यप्रदेश।

2. गणपत मोहनीया
पिता रंजीत मोहनीया, निवासी खाखेरिया खौदरा, थाना टांडा, जिला धार, मध्यप्रदेश।

बरामदगी

  • चोरी की नगद राशि: ₹9,300
  • घटना में प्रयुक्त: 01 लोहे का स्क्रू-पाना