PNB के करेंसी चेस्ट में मिले ₹7.40 करोड़ के संदिग्ध नोट

ऑडिट के दौरान सामने आया मामला, नकली करेंसी बैंक के करेंसी चेस्ट तक पहुंचने पर उठे गंभीर सवाल; SIT गठित, नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR

PNB के करेंसी चेस्ट में मिले ₹7.40 करोड़ के संदिग्ध नोट

सहारनपुर, उत्तर प्रदेश। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के सहारनपुर स्थित करेंसी चेस्ट में करीब ₹7 करोड़ 40 लाख की लो-क्वालिटी/संदिग्ध करेंसी मिलने से हड़कंप मच गया है। बैंक की ऑडिट टीम द्वारा करेंसी चेस्ट में कैश का मिलान किए जाने के दौरान यह मामला सामने आया। साथ ही वास्तविक नोटों की कमी की शिकायत भी सामने आई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए DIG सहारनपुर रेंज अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी सहारनपुर अरविंद कुमार चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने मौके का निरीक्षण किया। प्रकरण में प्रथम दृष्टया संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ नामजद अभियोग दर्ज किया गया है। मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया गया है। बैंक की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक, करेंसी चेस्ट में कैश का मिलान करते समय ऑडिट टीम को करीब ₹7.40 करोड़ की लो-क्वालिटी/संदिग्ध करेंसी मिली। हालांकि करेंसी की वास्तविक स्थिति और कुल रकम का सटीक आंकड़ा अभी स्पष्ट नहीं हुआ है, क्योंकि बैंक की ऑडिट टीम द्वारा नोटों की गिनती और मिलान की प्रक्रिया अभी जारी है।

सबसे बड़ा सवाल: बैंक तक कैसे पहुंचे संदिग्ध नोट?

करोड़ों रुपये की संदिग्ध करेंसी बैंक के करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंची, यह जांच का सबसे अहम सवाल है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस करेंसी को किन माध्यमों से बैंक तक पहुंचाया गया और क्या संदिग्ध नोट आगे किसी अन्य बैंक शाखा या ATM तक भेजे गए थे।

मामले में बैंक के अंदर और बाहर संभावित नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अब SIT के सामने संदिग्ध करेंसी के स्रोत से लेकर उसके वितरण तक की पूरी कड़ी का पता लगाने की चुनौती है। फिलहाल पुलिस और बैंक की ऑडिट टीम की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद करेंसी की वास्तविक प्रकृति क्या है और इस पूरे मामले में कितने लोग शामिल हैं।