जिला महिला अस्पताल के NICU में भीषण आग, तीन नवजातों की मौत

वेंटिलेटर में धमाके के बाद फैली आग और धुआं, डॉक्टरों-नर्सों ने 39 नवजातों को बचाने के लिए चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

जिला महिला अस्पताल के NICU में भीषण आग, तीन नवजातों की मौत

अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष (NICU) में सोमवार तड़के अचानक आग लगने से तीन नवजातों की मौत हो गई। हादसे के वक्त NICU में 39 नवजातों का इलाज चल रहा था। आग लगते ही अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों ने तत्काल रेस्क्यू शुरू कर अधिकांश बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

वेंटिलेटर में धमाके के बाद भड़की आग

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित NICU में अचानक धमाका हुआ। इसके बाद वार्ड में तेजी से आग और धुआं फैल गया। बताया जा रहा है कि धमाका वेंटिलेटर में हुआ, जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना के समय NICU में 39 नवजात भर्ती थे।

डॉक्टरों और नर्सों ने संभाला मोर्चा

आग और धुआं फैलते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल के अन्य कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए नवजातों को वार्ड से बाहर निकालना शुरू कर दिया। अस्पताल स्टाफ ने अधिकांश बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और उन्हें आग व धुएं से दूर पहुंचाया। इस दौरान तीन नवजात गंभीर रूप से झुलस गए। बाद में तीनों की मौत हो गई।

छह नवजात सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती

रेस्क्यू किए गए बच्चों में से छह नवजातों को आगे की चिकित्सा निगरानी और इलाज के लिए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और उन्हें आवश्यक उपचार दिया जा रहा है।

कई मेडिकल उपकरण जलकर खाक

NICU में लगी आग से कई मेडिकल उपकरण और अन्य सामान जलकर राख हो गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि आग अस्पताल के अन्य वार्डों और कमरों तक नहीं फैल सकी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।