दो दिन के सघन रेस्क्यू के बाद शिवनाथ नदी से युवक का शव बरामद

गनियारी में पिकनिक के दौरान तेज बहाव में बह गया था सहदेव महोबिया, SDRF ने मोटर बोट और आधुनिक उपकरणों से चलाया अभियान

दो दिन के सघन रेस्क्यू के बाद शिवनाथ नदी से युवक का शव बरामद

दुर्ग। गनियारी स्थित शिवनाथ नदी में तेज बहाव की चपेट में आकर बहे युवक का शव दो दिनों तक चले सघन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सोमवार को SDRF की टीम ने बरामद कर लिया। मृतक की पहचान खुर्सीपार, भिलाई निवासी सहदेव महोबिया (32) पिता मुरली महोबिया के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, 6 सितंबर की शाम तीन युवक गनियारी स्थित शिवनाथ नदी के तट पर पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान सहदेव नदी किनारे बर्तन धो रहा था। अचानक पैर फिसलने और नदी के तेज बहाव के कारण वह गहरे पानी में चला गया और बह गया।

घटना की सूचना मिलते ही SDRF दुर्ग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मोटर बोट और आधुनिक बचाव उपकरणों की मदद से तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। नदी के तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच 6 सितंबर की शाम से 7 सितंबर तक लगातार तलाश अभियान चलाया गया।

दो दिन बाद मिली सफलता

लगातार दो दिनों तक चले सघन और जोखिम भरे रेस्क्यू अभियान के बाद SDRF टीम ने युवक का शव नदी से बरामद कर लिया। इसके बाद शव को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

नदी-जलाशयों से दूर रहने की अपील

हादसे के बाद प्रशासन और SDRF ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में उफनती नदियों, जलाशयों और गहरे जलस्रोतों के पास जाने से बचें। तेज बहाव वाले पानी में उतरना जानलेवा हो सकता है। विभाग ने नागरिकों से सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।