कुम्हारी फ्लाईओवर का ऊपरी मार्ग 10 से 18 मार्च तक बंद, सर्विस लेन से चलेगा ट्रैफिक

भिलाई। दुर्ग-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर स्थित कुम्हारी फ्लाईओवर में रूटीन मरम्मत कार्य के कारण 10 मार्च से 18 मार्च 2026 तक दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाला फ्लाईओवर का ऊपरी मार्ग अस्थायी रूप से बंद रहेगा।

यातायात पुलिस दुर्ग के अनुसार नियमित तकनीकी निरीक्षण के दौरान फ्लाईओवर में मरम्मत कार्य की आवश्यकता पाई गई है। सुरक्षा और सुचारू कार्य के लिए इस अवधि में दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाले वाहनों को फ्लाईओवर के नीचे स्थित सर्विस लेन से डायवर्ट किया जाएगा।

मरम्मत कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर तैनात रहेंगे और वाहन चालकों को मार्गदर्शन देंगे।
दुर्ग पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन का पालन करें, यातायात संकेतकों पर ध्यान दें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करते हुए सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, ताकि मरम्मत कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।