ओम ज्वेलर्स संचालक समेत तीन पर मारपीट का केस, मजदूर ने डंडे से हमला और जान से मारने की धमकी का लगाया आरोप

ओम ज्वेलर्स संचालक समेत तीन पर मारपीट का केस, मजदूर ने डंडे से हमला और जान से मारने की धमकी का लगाया आरोप

दुर्ग। इंदिरा मार्केट स्थित ओम ज्वेलर्स के संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ एक मजदूर से मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने लक्ष्मण निर्मलकर (33) की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, लक्ष्मण निर्मलकर पोटियाकला क्षेत्र का निवासी है और हमाली तथा ठेले से सामान ढोने का काम करता है। शिकायत में उसने बताया कि 10 सितंबर की रात करीब 8 बजे वह अपने घर जा रहा था। इसी दौरान हिंदी भवन, गवर्नमेंट स्कूल के पास ओम ज्वेलर्स के संचालक, दुकान में काम करने वाले निखिल सोनी और उसके एक साथी ने उसे कथित तौर पर रोक लिया।

लक्ष्मण का आरोप है कि ओम ज्वेलर्स के संचालक ने डंडे से उसके दाहिने हाथ पर वार किया, जिससे हथेली और उंगलियों के बीच का हिस्सा फट गया और खून निकलने लगा। वहीं निखिल सोनी और उसके साथी पर हाथ-मुक्के और लात से मारपीट करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में उसके हाथ और पैर में चोट आने की बात भी उसने पुलिस को बताई है।

लक्ष्मण ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपियों द्वारा पहले भी उसके साथ मारपीट की जा चुकी है और रास्ते में मिलने पर दोबारा मारपीट करने की धमकी दी जाती है। इससे वह भयभीत है और उसे अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता है। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने धारा 115(2), 126(2), 296, 3(5) और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।