पटाखे जैसी आवाज निकाल रहा था मॉडिफाइड साइलेंसर वाला वाहन, पुलिस को देखते ही चालक फरार

पटाखे जैसी आवाज निकाल रहा था मॉडिफाइड साइलेंसर वाला वाहन, पुलिस को देखते ही चालक फरार

भिलाई। शहर की सड़कों पर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज और कर्कश आवाज करने वाले वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को नेहरू नगर निवासी की शिकायत पर यातायात पुलिस ने शासकीय स्कूल कोसानाला के पास एक ऐसे वाहन को पकड़ा, जिसमें मॉडिफाइड साइलेंसर लगा हुआ था। वाहन में नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया था कि एक वाहन तेज गति से चलाया जा रहा है और उसके साइलेंसर से पटाखे फूटने जैसी तेज आवाज निकल रही है। इससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी। शिकायत मिलते ही यातायात पुलिस ने वाहन की तलाश शुरू की।

ASI प्रवीण सिंह ने शासकीय स्कूल कोसानाला के पास संदिग्ध वाहन को पकड़ लिया। हालांकि पुलिस को देखते ही चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। जांच में वाहन पर नंबर प्लेट नहीं लगी होने के साथ ही मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल पाया गया।

यातायात पुलिस ने वाहन को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए सुपेला थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस का कहना है कि सड़क पर तेज और कर्कश आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहनों में कंपनी द्वारा निर्धारित साइलेंसर का ही इस्तेमाल करें और बिना वैध नंबर प्लेट के वाहन न चलाएं।