बुलेट चोरी गिरोह का पर्दाफाश: युवक सहित 5 नाबालिग पकड़े, 3 बाइक बरामद

रायगढ़। जिले में दुपहिया वाहन चोरी के बढ़ते मामलों के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में एक युवक और 5 विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चोरी की गई तीन बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं।

मामले की शुरुआत 22 मार्च 2026 को खरसिया क्षेत्र से हुई, जब प्रार्थी दीपक मेघानी ने अपनी बुलेट मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि ढिमरापुर क्षेत्र के कुछ युवक नई बुलेट में घूम रहे हैं। इसके बाद चौकी प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रितेश सुनानी उर्फ रोहित चौहान (19 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बुलेट चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने बताया कि वे रात के समय ट्रेन और बाइक के जरिए खरसिया पहुंचते थे और सुनसान जगहों से बुलेट चोरी कर लेते थे।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ने 14, 18 और 19 मार्च को अलग-अलग स्थानों से तीन बुलेट मोटरसाइकिल चोरी की थीं। चोरी के बाद वाहनों को रेलवे साइडिंग के पास खंडहर में छिपा दिया जाता था, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके। पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर तीनों बुलेट मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में आरोपी युवक और 5 नाबालिगों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार सख्ती बरती जा रही है और ऐसे गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
