भिलाई से अपहृत बालक धनबाद में मिला, साइबर धोखाधड़ी गिरोह का खुलासा, 2 गिरफ्तार

भिलाई। दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र से अपहृत बालक को पुलिस ने झारखंड के धनबाद से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में साइबर धोखाधड़ी से जुड़े दो आरोपियों और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार 5 मार्च 2026 को पुरानी भिलाई थाने में अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। बालक की तलाश के लिए पुलिस टीम को ओडिशा के झारसुगुड़ा और झारखंड के धनबाद भेजा गया। जांच के दौरान पुलिस को बालक के संपर्क में आए कुछ संदिग्ध लोगों की जानकारी मिली।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी बैंक खातों और पासबुक का अवैध इस्तेमाल कर साइबर धोखाधड़ी के जरिए पैसा कमाने का काम करते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि 1 मार्च को बैंक खाते के लेनदेन को लेकर विवाद के बाद बालक धनबाद चला गया था, जहां आरोपियों ने उससे पैसों की मांग की थी। बाद में उसे छोड़ दिया गया।
पुलिस टीम ने 5 मार्च को धनबाद से बालक को सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद जांच में साइबर धोखाधड़ी के लिए बैंक खातों का इस्तेमाल करने के मामले में नया अपराध दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में झारसुगुड़ा निवासी 36 वर्षीय रितेश कुमार शर्मा और धनबाद निवासी 22 वर्षीय आकाश कुमार रवानी शामिल हैं। एक अपचारी बालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी साइबर धोखाधड़ी के जरिए अवैध रूप से पैसा कमाने की कोशिश कर रहे थे। मामले में आगे की जांच जारी है।