रायपुर से नागपुर जा रही बोलेरो ट्रक से टकराई, 3 बच्चों समेत 8 की मौत

रायपुर से नागपुर जा रही बोलेरो ट्रक से टकराई, 3 बच्चों समेत 8 की मौत

भंडारा। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तीन मासूम बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई। हादसा लखनी तालुका क्षेत्र में मानेगांव और पिंपलगांव के बीच नेशनल हाईवे-53 पर हुआ। यहां तेज रफ्तार बोलेरो की सामने से आ रहे आयशर ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।

पुलिस के अनुसार हादसा शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। बोलेरो में कुल आठ लोग सवार थे। इनमें पांच वयस्क और तीन बच्चे शामिल थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में सभी आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

रायपुर से नागपुर जा रहे थे सभी

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बोलेरो सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से नागपुर की ओर जा रहे थे। वे नेशनल हाईवे-53 के रास्ते महाराष्ट्र की तरफ बढ़ रहे थे। इसी दौरान मानेगांव और पिंपलगांव के बीच बोलेरो की ट्रक से भिड़ंत हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने सभी आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है।

हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और दोनों वाहनों की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।