कत्था लकड़ी के अवैध कारोबार से जुड़े आरोपी के घर से 81 लाख कैश बरामद
फर्जी NOC से 23,350 किलो खैर लकड़ी परिवहन का मामला; 500-500 के नोटों की 162 गड्डियां मिलीं, अपराध से अर्जित संपत्ति मानकर कुर्की की तैयारी

महासमुंद। खैर (कत्था) लकड़ी के अवैध परिवहन और फर्जी NOC के मामले में महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष अग्रवाल के घर से 81 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने यह कार्रवाई न्यायालय से प्राप्त सर्च वारंट के आधार पर की। आरोपी मनीष अग्रवाल पहले से ही जेल में बंद है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का मकान मुड़पार सरसीवां, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में स्थित है। 7 सितंबर को पुलिस टीम ने केयर टेकर और गवाहों की मौजूदगी में मकान की नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर से 81 लाख रुपये नकद मिले। बरामद रकम में 500-500 रुपये के नोटों की 162 गड्डियां शामिल हैं।
फर्जी NOC से 23 टन से ज्यादा खैर लकड़ी का परिवहन
मामला 23,350 किलो खैर लकड़ी के अवैध परिवहन से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर फर्जी NOC तैयार कर खैर लकड़ी का परिवहन किया था। मामले में पिथौरा थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और भारतीय वन अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी से जुड़े ठिकाने पर बड़ी मात्रा में नकदी होने की जानकारी मिली। इसके बाद न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त कर मकान की तलाशी ली गई।
अपराध से अर्जित संपत्ति मानकर कुर्की की तैयारी
पुलिस ने बरामद 81 लाख रुपये को मामले से संबंधित अपराध से अर्जित संपत्ति माना है। अब इस रकम की कुर्की की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पुलिस BNSS की धारा 107 के तहत न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत कर रकम को कुर्क कराने की कार्रवाई करेगी। पुलिस का कहना है कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए अवैध वनोपज के परिवहन और कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है।
