75 वर्षीय बुजुर्ग से दुष्कर्म का आरोपी 2 माह बाद गिरफ्तार, भेजा गया जेल

75 वर्षीय बुजुर्ग से दुष्कर्म का आरोपी 2 माह बाद गिरफ्तार, भेजा गया जेल

धमतरी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म के मामले में दो महीने से फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को रायपुर से पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

मामला थाना कुरूद क्षेत्र का है। 17 फरवरी 2026 को दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपी ने एक बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म किया था। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 41/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और लगातार ठिकाने बदल रहा था, जिससे उसकी तलाश चुनौतीपूर्ण बनी हुई थी। कुरूद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों, रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर उसकी तलाश जारी रखी।

इसी बीच आरोपी के रायपुर में छिपे होने की पुख्ता सूचना मिली। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूर्या सिसोदिया (26 वर्ष), निवासी झांकी थाना अभनपुर, जिला रायपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में गंभीर अपराधों, खासकर महिला संबंधी मामलों में सख्ती से कार्रवाई जारी है।