अवैध पटाखों का कारोबार, 1.20 लाख रुपये के पटाखे जब्त
रुद्री पुलिस की ग्राम भटगांव में दबिश, बिना लाइसेंस पटाखे रखने और बिक्री की तैयारी करने का आरोप









धमतरी। त्योहारी सीजन के बीच धमतरी पुलिस ने अवैध पटाखा भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम भटगांव में एक नवनिर्मित मकान से करीब 1.20 लाख रुपये के पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, पटाखों का भंडारण बिना वैध अनुज्ञप्ति के किया गया था। मामले में 20 वर्षीय शुभम देवांगन के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम, 1884 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में अवैध पटाखों के भंडारण, परिवहन और बिक्री पर निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान थाना रुद्री पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भटगांव स्थित एक नवनिर्मित मकान में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे गए हैं और उनकी बिक्री की तैयारी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। तलाशी के दौरान विभिन्न कंपनियों के पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने कुल 10 खाची और एक कार्टून पटाखे जब्त किए, जिनकी अनुमानित कीमत 1,20,000 रुपये बताई गई है।
विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस के मुताबिक, पटाखों का असुरक्षित तरीके से भंडारण आगजनी और दुर्घटना का कारण बन सकता था। इससे आसपास के लोगों की जान-माल को खतरा होने की आशंका थी। मामले में शुभम देवांगन, पिता स्वर्गीय तरुण देवांगन, निवासी ग्राम भटगांव, थाना रुद्री, जिला धमतरी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 39/26, धारा 9(ख), विस्फोटक अधिनियम, 1884 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
