आर्ट स्टूडियो से चोरी हुई 12 लकड़ी की मूर्तियां बरामद, आरोपी गिरफ्तार
नारायणपुर पुलिस ने आर्ट स्टूडियो से लकड़ी की मूर्तियां और मोबाइल फोन चोरी के मामले में आरोपी मनोज विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर 12 लकड़ी की मूर्तियां बरामद की गईं।

नारायणपुर। नारायणपुर पुलिस ने आर्ट स्टूडियो से लकड़ी की मूर्तियां और मोबाइल फोन चोरी होने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई 12 लकड़ी की मूर्तियां बरामद कर जब्त की हैं। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 28 अगस्त 2026 को ग्राम गढ़बेंगाल निवासी पंडी राम मंडावी ने थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक नारायणपुर स्थित आर्ट स्टूडियो से मोबाइल फोन के साथ 17 नग लकड़ी की मूर्तियां चोरी हो गई थीं। चोरी गई मूर्तियों की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई थी। शिकायत के आधार पर थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 85/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 331(4), 305 के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस को मिली सूचना के आधार पर मनोज विश्वकर्मा, पिता श्यामलाल विश्वकर्मा, उम्र 30 वर्ष, निवासी पाता नरहरपारा, थाना एवं जिला कोंडागांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना में संलिप्त होना स्वीकार किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी की गई 12 लकड़ी की मूर्तियां बरामद कर विधिवत जब्त की गईं। पुलिस ने आरोपी मनोज विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर 15 सितंबर 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अनिल चंद्राकर की तलाश की जा रही है। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।
