छह साल से फरार नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी रायपुर से गिरफ्तार

अलीगढ़ से पीड़िता सकुशल बरामद, शादी का झांसा देकर ले जाने और शारीरिक शोषण का आरोप

छह साल से फरार नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी रायपुर से गिरफ्तार

धमतरी। वर्ष 2019 से फरार नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में धमतरी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के आरोपी दीपक कुमार उर्फ दयालु (33 वर्ष) को रायपुर से गिरफ्तार किया है। वहीं, पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से पीड़िता को सकुशल बरामद किया। आरोपी को विशेष न्यायालय (एफटीसी), धमतरी में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2019 में एक नाबालिग बालिका के लापता होने पर थाना सिटी कोतवाली, धमतरी में गुम इंसान दर्ज किया गया था। इसके बाद अपराध क्रमांक 71/2019, वर्तमान अपराध क्रमांक 74/2019 के तहत धारा 363 भारतीय दंड संहिता में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

शादी का झांसा देकर ले जाने का आरोप

विवेचना के दौरान तकनीकी जानकारी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को पीड़िता के उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर पीड़िता को सकुशल बरामद किया। पीड़िता के कथन और विवेचना में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पर शादी का प्रलोभन देकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और शारीरिक संबंध बनाने के आरोप सामने आए। इसके बाद प्रकरण में धारा 366, 376(2)(i)(n) भारतीय दंड संहिता तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 जोड़ी गईं।

रायपुर से हुई आरोपी की गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में फरार आरोपी की तलाश लगातार की जा रही थी। पीड़िता से संबंधित जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की और आरोपी दीपक कुमार उर्फ दयालु को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के थाना हरदुआगंज क्षेत्र के ग्राम बुढ़ाँसी का निवासी है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।