विंग कमांडर की आत्महत्या मामले में पत्नी पर केस दर्ज

विंग कमांडर की आत्महत्या मामले में पत्नी पर केस दर्ज

रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित विधायक कॉलोनी में विंग कमांडर विपुल यादव की आत्महत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस ने जांच के बाद उनकी पत्नी अर्जिता श्रीवास्तव के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। यह घटना 10-11 मार्च 2026 की दरम्यानी रात की है, जब 39 वर्षीय विंग कमांडर ने अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर जान दे दी थी। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी, जो अब आपराधिक प्रकरण में बदल गई है।

जांच में सामने आया कि घटना के समय उनकी पत्नी रायपुर में मौजूद नहीं थीं। वह आईटी सेक्टर में कार्यरत हैं और बेंगलुरु में नौकरी करती हैं। घटना से दो दिन पहले वह दिल्ली गई थीं। उस समय विंग कमांडर अपने दो बच्चों के साथ घर पर थे, जो घटना के वक्त दूसरे कमरे में मौजूद थे। सुबह घर में काम करने वाली महिला ने सबसे पहले उन्हें फांसी पर लटका देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि उन्होंने बेडरूम के पंखे से लटककर आत्महत्या की।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिससे मानसिक तनाव की स्थिति बनी हुई थी। परिवार और संबंधित लोगों के बयान दर्ज करने के बाद मिले साक्ष्यों के आधार पर पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। विंग कमांडर विपुल यादव एंटी नक्सल ऑपरेशन से जुड़े कार्यों में पदस्थ थे। वर्ष 2014 में उनकी अर्जिता श्रीवास्तव से लव मैरिज हुई थी। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।