नकल करते पकड़े जाने के बाद IIT बॉम्बे के छात्र की मौत, कैंपस में प्रदर्शन

मुंबई। आईआईटी बॉम्बे के पवई कैंपस में एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग के एक छात्र की मौत के बाद शुक्रवार को छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्रों ने घटना की पूरी जांच कराने और यह पता लगाने की मांग की कि किन परिस्थितियों में छात्र ने यह कदम उठाया।
जानकारी के मुताबिक, घटना से पहले परीक्षा के दौरान छात्र के खिलाफ अनुचित साधन के इस्तेमाल का मामला सामने आया था। कुछ रिपोर्टों में छात्र को दूसरे की कॉपी देखने की बात कही गई है। वहीं, आईआईटी बॉम्बे की ओर से जारी बयान में कहा गया कि छात्र परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था और उसने प्रश्नपत्र ChatGPT पर अपलोड किया था। संस्थान ने स्पष्ट किया कि छात्र के खिलाफ कोई औपचारिक अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी। आईआईटी के अनुसार, विभागाध्यक्ष और अन्य फैकल्टी सदस्यों के सामने मामले पर चर्चा हुई थी और यह तय किया गया था कि ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जाएगा, जिससे छात्र के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े।
बताया गया है कि परीक्षा के बाद छात्र हॉस्टल लौट गया था। उसी शाम हॉस्टल के कमरे में उसकी मौत की जानकारी सामने आई। घटना के बाद कैंपस में छात्रों का आक्रोश बढ़ गया और पुलिस को भी बुलाया गया। छात्रों ने संस्थान के निदेशक से मुलाकात कर पूरे मामले पर चर्चा करने और स्वतंत्र जांच की मांग की है। उनका कहना है कि मामले की जांच कर यह सामने आना चाहिए कि छात्र किन परिस्थितियों से गुजर रहा था। आईआईटी प्रशासन ने घटना को बेहद दुखद बताया है। छात्र के परिवार को घटना की सूचना तत्काल दे दी गई थी। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
