गणेश विसर्जन के दौरान बवाल, तलवार लहराने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार
धमतरी में गणेश विसर्जन के दौरान धुमाल पार्टी से विवाद, मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार। तलवार, बेसबॉल स्टिक और हॉकी स्टिक जब्त।











धमतरी। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान धुमाल पार्टी से विवाद कर मारपीट, तोड़फोड़ और तलवार लहराकर दहशत फैलाने के मामले में धमतरी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई बेसबॉल स्टिक, धारदार तलवार और हॉकी स्टिक जब्त की है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सांकरा, नगरी की रूद्राक्ष धुमाल पार्टी के संचालक अपने साथियों के साथ बांसपारा धमतरी में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बाजा बजा रहे थे। इसी दौरान मराठा पारा मंगल भवन के पास कुछ युवक पहुंचे और अपनी मर्जी के मुताबिक धुमाल बजाने का दबाव बनाने लगे। धुमाल पार्टी के सदस्यों के मना करने पर विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने एकजुट होकर रामबाग के पास गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने बेसबॉल स्टिक, हॉकी स्टिक और धारदार तलवार लेकर धुमाल पार्टी के सदस्यों के साथ मारपीट की। इस दौरान तलवार लहराकर दहशत फैलाने के साथ बाजा और वाहन में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया।
घटना की रिपोर्ट मिलने पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 232/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर गवाहों की मौजूदगी में घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
रितेश पेंदरिया उर्फ रितू (20 वर्ष), निवासी मराठा पारा, मंगल भवन के पास, धमतरी। इसके कब्जे से बेसबॉल स्टिक जब्त की गई।
जतीश साहू उर्फ डुई (19 वर्ष), निवासी बांसपारा, मंगल भवन के पास, धमतरी। इसके कब्जे से धारदार तलवार जब्त की गई।
अमरचंद पटेल उर्फ छोटू (26 वर्ष), निवासी महंत घासीदास वार्ड, आमापारा, बनिया तालाब, धमतरी। इसके कब्जे से हॉकी स्टिक जब्त की गई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
