GHMC में 8 लाख की रिश्वत का आरोप, 4 लाख लेते टाउन प्लानिंग सुपरवाइजर गिरफ्तार

मेहदीपटनम गोलकोंडा जोन में ACB की कार्रवाई, 4 लाख रिश्वत के साथ 2.5 लाख रुपये अतिरिक्त नकदी भी जब्त

GHMC में 8 लाख की रिश्वत का आरोप, 4 लाख लेते टाउन प्लानिंग सुपरवाइजर गिरफ्तार

हैदराबाद। GHMC के गोलकोंडा जोन, मेहदीपटनम में बिल्डिंग निर्माण की अनुमति से जुड़े मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने टाउन प्लानिंग सुपरवाइजर तुलसीराम सुनीता को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। ACB के अनुसार, अधिकारी ने शिकायतकर्ता से कुल 8 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी और 5 अक्टूबर को इसकी पहली किस्त के रूप में 4 लाख रुपये लेते हुए पकड़ी गईं।

ACB के मुताबिक, शिकायतकर्ता भवन निर्माण का काम जारी रखना चाहता था। आरोप है कि इसके बदले टाउन प्लानिंग सुपरवाइजर सरकारी आदेशों की अनदेखी करने, निर्माण कार्य में आगे परेशानी नहीं खड़ी करने और भविष्य में भी मदद करने के लिए तैयार हुई थीं। शिकायत के आधार पर ACB ने कार्रवाई करते हुए उन्हें 4 लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 2.50 लाख रुपये की अतिरिक्त नकदी भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। ACB ने रिश्वत की रकम और अतिरिक्त नकदी को जब्त कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।