जहरीली शराब कांड के 30 हजार के इनामी बदमाश से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली

सागर। सागर जिले के बंडा और विनायका थाना क्षेत्र के जहरीली शराब प्रकरण में फरार चल रहे 30 हजार रुपये के इनामी बदमाश मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ बुधवार 23 सितंबर की तड़के करीब 3 बजे मालथौन थाना क्षेत्र के नोनिया सेसई रोड घाटी के पास हुई।
पुलिस के अनुसार, मनीष लोधी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को बदमाशों के इलाके में मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि घेराबंदी के दौरान मनीष लोधी और उसके साथी आशीष साहू ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
जवाबी कार्रवाई में मनीष लोधी के पैर में गोली लगी, जबकि मौके से भागने का प्रयास कर रहा उसका साथी आशीष साहू भी घायल हो गया। दोनों को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के बाद मौके से दो देशी कट्टे, पांच राउंड कारतूस और एक बेसबॉल डंडा बरामद किया गया है। फिलहाल पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने, हथियारों की जब्ती और दोनों आरोपियों के चिकित्सकीय परीक्षण की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और विस्तृत विवेचना जारी है।
