अबूझमाड़ में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, 6 प्रेशर कुकर IED और पाइप बम बरामद

अबूझमाड़ में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, 6 प्रेशर कुकर IED और पाइप बम बरामद

नारायणपुर। अबूझमाड़ क्षेत्र में नारायणपुर पुलिस और 29वीं वाहिनी आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने सघन तलाशी अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। भटबेड़ा क्षेत्र में तलाशी के दौरान 6 प्रेशर कुकर IED और 1 पाइप बम IED बरामद किए गए। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी विस्फोटकों को बम निरोधक एवं निष्क्रियता दल ने मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 5 अक्टूबर को अबूझमाड़ के भटबेड़ा क्षेत्र में की गई। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, 29वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमान अधिकारी अभिषेक सूद और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऑप्स अक्षय साबद्रा के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने रैनार कैंप से माक्सोली, भाटबेड़ा और रैनार क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया।

संदिग्ध डंप से मिले विस्फोटक

तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों को क्षेत्र में कुछ संदिग्ध वस्तुएं दिखाई दीं। इसके बाद इलाके को सुरक्षित करते हुए आसपास के क्षेत्र में विस्तृत तलाशी ली गई। इस दौरान एक संदिग्ध डंप से 6 प्रेशर कुकर IED और 1 पाइप बम IED बरामद किया गया।

इसके अलावा आईईडी बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद हुई है। इसमें:

1 मल्टीमीटर

1 पेचकस

1 सोल्डरिंग तार

1 सोल्डरिंग आयरन

3 वाहन खोलने वाली चाबियां

शामिल हैं।

मौके पर ही किया गया सुरक्षित नष्ट

बरामद विस्फोटक सामग्री को बम निरोधक एवं निष्क्रियता दल ने निर्धारित सुरक्षा मानकों के तहत मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट किया। इस कार्रवाई का नेतृत्व सहायक उप निरीक्षक मोहन ने किया।

नारायणपुर पुलिस के अनुसार, अबूझमाड़ में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सघन तलाशी और क्षेत्र सैनिटाइजेशन अभियान चलाया जा रहा है। संयुक्त अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों और विस्फोटक सामग्री की लगातार तलाश की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि नारायणपुर पुलिस और आईटीबीपी की इस संयुक्त कार्रवाई से अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हुई है। साथ ही, आम नागरिकों की सुरक्षा और क्षेत्र में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।