बिजली गुल कर ज्वेलरी व्यापारी पर स्प्रे छिड़का, जेवर से भरा बैग लूटने की कोशिश

आरंग में डकैती की साजिश का खुलासा, रेकी से लेकर बिजली बंद कराने तक की थी पूरी प्लानिंग; चार आरोपी गिरफ्तार, एक ओडिशा जेल में बंद

बिजली गुल कर ज्वेलरी व्यापारी पर स्प्रे छिड़का, जेवर से भरा बैग लूटने की कोशिश

रायपुर। राजधानी रायपुर ग्रामीण पुलिस ने आरंग में ज्वेलरी व्यापारी से डकैती की कोशिश के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कथित तौर पर पहले व्यापारी की रेकी की, फिर दुकान बंद करने के समय बिजली गुल कराई और नकाब पहनकर पहुंचे। व्यापारी की आंखों में स्प्रे छिड़ककर जेवर से भरा बैग छीनने की कोशिश की गई थी। व्यापारी के शोर मचाने और आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मामला आरंग थाना क्षेत्र के बाजार चौक स्थित गुरुकृपा ज्वेलर्स का है। पुलिस के मुताबिक, व्यापारी चंद्रहास देवांगन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 5 जून की रात करीब 8:50 बजे वह दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान बिजली गुल हो गई और मोटरसाइकिल से पहुंचे तीन नकाबपोश आरोपियों ने उन पर स्प्रे छिड़क दिया। स्प्रे से आंखों में तेज जलन होने के कारण व्यापारी नीचे गिर पड़े। इसी दौरान आरोपियों ने सोने-चांदी के जेवर से भरा बैग छीनने की कोशिश की। व्यापारी के चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए। शिकायत पर आरंग थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 284/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी और साइबर जांच से खुला राज

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साइबर सेल की मदद से टावर डंप और सीडीआर का तकनीकी विश्लेषण भी किया गया। जांच के दौरान एक अन्य मामले में अपराध क्रमांक 559/2026 के तहत हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में ज्वेलरी व्यापारी से लूट की कथित साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात से पहले व्यापारी की गतिविधियों की रेकी की थी। साजिश के तहत फिरोज बंजारे ने बिजली बंद की, जबकि दिव्यांश प्रतीक घिदौड़े ने व्यापारी और दुकान से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई। इसके बाद सलीम कुर्रे, रवि कुमार निषाद और आशुतोष उर्फ आशु मोटरसाइकिल से जेवर से भरा बैग लूटने पहुंचे थे।

चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

  1. सलीम कुर्रे (23), निवासी नयापारा अछरीडीह, थाना तुमगांव, जिला महासमुंद।
  2. फिरोज बंजारे (26), निवासी भानसोज, थाना आरंग, जिला रायपुर।
  3. दिव्यांश प्रतीक घिदौड़े (18 वर्ष 2 माह), निवासी भानसोज, थाना आरंग, जिला रायपुर।
  4. रवि कुमार निषाद (25), निवासी अछरीडीह, थाना तुमगांव, जिला महासमुंद।

एक आरोपी ओडिशा की जेल में

पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल एक अन्य आरोपी आशुतोष उर्फ आशु मोहंती फिलहाल ओडिशा की जेल में बंद है। पुलिस उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए आवश्यक प्रक्रिया कर रही है।

मोटरसाइकिल और मोबाइल जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HC 6815, एक साइकिल की चेन और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त किया है।