जामुल से लापता तीन बच्चियां 12 घंटे से कम समय में सकुशल मिलीं, दुर्ग पुलिस ने परिजनों को सौंपा
पांच पुलिस टीमों ने संभाला मोर्चा, सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले; रेलवे स्टेशन सहित संभावित स्थानों पर की गई तलाश









भिलाई/दुर्ग। जामुल थाना क्षेत्र से तीन बच्चियों के लापता होने की सूचना मिलते ही दुर्ग पुलिस ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस की पांच टीमों ने अलग-अलग दिशाओं में खोजबीन की। सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने, रेलवे स्टेशन सहित संभावित स्थानों पर जांच करने और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद तीनों बच्चियों को 12 घंटे से कम समय में सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को थाना जामुल क्षेत्र से तीन बच्चियों के घर से चले जाने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जामुल थाना पुलिस और एससीयू की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। बच्चियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया और उन्हें अलग-अलग दिशाओं में तलाश की जिम्मेदारी सौंपी गई।
तलाश अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का लगातार विश्लेषण किया। आसपास के क्षेत्रों में जांच के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। इसके अलावा रेलवे स्टेशन और अन्य संभावित स्थानों पर भी जांच की गई। पुलिस टीमों के आपसी समन्वय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों बच्चियों का पता लगा लिया गया।
महिला रक्षा टीम और एससीयू की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना जामुल की महिला रक्षा टीम और एससीयू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की विभिन्न टीमों ने लगातार प्रयास करते हुए बच्चियों को सुरक्षित बरामद किया। दुर्ग पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीमों के समन्वित प्रयासों की प्रशंसा की। वहीं, बच्चियों के परिजनों ने भी पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
बच्चों के लापता होने पर तत्काल सूचना देने की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बच्चों के लापता होने की स्थिति में किसी भी तरह की देरी किए बिना नजदीकी पुलिस थाने या आपातकालीन सहायता नंबर 112 पर सूचना दें। समय पर सूचना मिलने से पुलिस को तलाश अभियान शुरू करने और बच्चों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।
