अवैध हथियार फैक्ट्री का भांडाफोड़, घर में बना रहे थे अवैध बंदूक, दो सगे भाई गिरफ्तार

अवैध हथियार फैक्ट्री का भांडाफोड़, घर में बना रहे थे अवैध बंदूक, दो सगे भाई गिरफ्तार

नारायणपुर। कोहकामेटा थाना पुलिस ने अवैध रूप से भरमार बंदूक बनाने और उसे अपने कब्जे में रखने के मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार के साथ हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार 22 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम किहकाड़ निवासी जयराम पोयाम उर्फ करवो और उसका भाई रामू पोयाम अवैध रूप से भरमार बंदूक का निर्माण कर रहे हैं और उसे अपने पास रखे हुए हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी कोहकामेटा विनोद पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर जयराम पोयाम के घर की घेराबंदी की। पूछताछ के दौरान जयराम ने अपने भाई रामू के साथ मिलकर अवैध रूप से भरमार बंदूक बनाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और हथियार निर्माण में प्रयुक्त सामग्री जब्त की।

मामले में थाना कोहकामेटा में अपराध क्रमांक 08/2026 दर्ज कर धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद जयराम पोयाम उर्फ करवो, उम्र 45 वर्ष और रामू पोयाम, उम्र 21 वर्ष, दोनों निवासी किहकाड़ को 22 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।