शिक्षक समर्पण और मेहनत से गढ़ते हैं विद्यार्थियों का भविष्य : शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव
खालसा पब्लिक स्कूल में शिक्षक सम्मान समारोह 2026 आयोजित, दुर्ग और बेमेतरा जिले के उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित









दुर्ग। खालसा पब्लिक स्कूल, दुर्ग में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह 2026 में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने दुर्ग एवं बेमेतरा जिले के उत्कृष्ट शिक्षकों, प्राचार्यों और प्रधान पाठकों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण के अंतर्गत आयोजित इस समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को उनके समर्पण और सेवाओं के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक अपने समर्पण, मेहनत और प्रतिबद्धता से विद्यार्थियों के भविष्य की नींव तैयार करते हैं। वे बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। शिक्षकों का योगदान प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण है।
शिक्षा के साथ संस्कार देना भी शिक्षकों की जिम्मेदारी
शिक्षा मंत्री ने कहा कि बच्चों को शिक्षित करने के साथ-साथ उन्हें संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उत्कृष्ट शिक्षकों द्वारा किए जा रहे नवाचार, उनकी मेहनत और समर्पित सेवाएं अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के निरंतर प्रयासों और राज्य सरकार की पहल से छत्तीसगढ़ में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक सम्मान समारोह जैसे आयोजन शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करते हैं। साथ ही दूसरे शिक्षकों को भी बेहतर कार्य करने और नई पहल अपनाने की प्रेरणा मिलती है। विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अतुलनीय है। उनके प्रयासों से ही शिक्षित, संस्कारवान और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
विभिन्न श्रेणियों में शिक्षकों का सम्मान
समारोह में शिक्षा श्री, शिक्षा दूत, ज्ञानदीप, उत्कृष्ट प्राचार्य और उत्कृष्ट प्रधान पाठक श्रेणियों में शिक्षकों एवं शिक्षा संस्थानों के प्रमुखों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संभाग आयुक्त एन.के. राठौड़, मंडल अध्यक्ष कमलेश फेकर, महेंद्र लोढ़ा, संयुक्त संचालक शिक्षा के.वी. राव सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
