अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, हैदराबाद से 3 आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव। पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ‘शेट्टी गैंग’ के तीन शातिर सदस्यों को हैदराबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर राजनांदगांव और बिलासपुर में कई चोरी की वारदातों को अंजाम देने का आरोप है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, 14 मार्च की रात आरोपियों ने शहर के जीवन-ए कॉलोनी और लक्ष्मीनगर इलाके में तीन सूने मकानों को निशाना बनाया।

देर रात 3-4 नकाबपोश बदमाश घरों में घुसे और लोगों को डराकर जेवरात पार कर लिए। इसी दौरान एक अन्य मकान से भी जेवरात चोरी किए गए, जबकि एक स्थान से मोटरसाइकिल भी गायब कर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें गिरफ्तार किया। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ चोरी समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।