सुपेला में वाहन और वायर चोरी का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार; 2 नाबालिग भी पकड़ाए

जिला न्यायालय से मोटरसाइकिल चोरी समेत 6 घटनाओं में संलिप्तता का खुलासा, चोरी की 2 बाइक और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी जब्त

सुपेला में वाहन और वायर चोरी का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार; 2 नाबालिग भी पकड़ाए

भिलाई। दुर्ग जिले के सुपेला थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन और निर्माणाधीन मकानों से बिजली के वायर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने चोरी की दो मोटरसाइकिल, वारदात में इस्तेमाल एक जुपिटर स्कूटी, वायर काटने का कटर और 10,710 रुपये नगद सहित सामग्री जब्त की है।

पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर 2026 को गुलशन कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 सितंबर की रात दक्षिण गंगोत्री, सुपेला के पास से उनकी हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हो गई। शिकायत पर अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध दाऊ बाड़ा तालाब के पास चोरी के वाहन बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ और जांच में दोपहिया वाहन चोरी के साथ निर्माणाधीन मकानों से बिजली वायर चोरी की अन्य घटनाओं में भी उनकी संलिप्तता सामने आई।

जिला न्यायालय से लेकर निर्माणाधीन मकानों तक चोरी

पुलिस के अनुसार, जांच में कुल छह घटनाओं का विवरण सामने आया है। इनमें 10 फरवरी 2026 को जिला न्यायालय परिसर, दुर्ग से होंडा सीबी शाइन मोटरसाइकिल की चोरी शामिल है। इसके अलावा चौहान ग्रीन वैली फेस-02, रॉयल ग्रीन जुनवानी, कृष्णा नगर सुपेला और पद्मनाभपुर के निर्माणाधीन मकानों से वायर, कॉपर वायर तथा नल की टोटियां चोरी करने की घटनाएं भी शामिल हैं। 28 सितंबर को दक्षिण गंगोत्री से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला भी इनमें शामिल है।

कबाड़ी को 40 हजार रुपये में वायर बेचने की जानकारी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी जुपिटर स्कूटी से घूमकर दोपहिया वाहनों और निर्माणाधीन मकानों को निशाना बनाते थे। पूछताछ में चोरी किए गए केबल वायर को छावनी क्षेत्र के एक कबाड़ी को 40 हजार रुपये में बेचने की बात सामने आई है। इस संबंध में पुलिस तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

ये आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने लोकेश ठाकुर (20 वर्ष) और समीर कुमार डहरे (19 वर्ष), दोनों निवासी संजय नगर, सुपेला को गिरफ्तार किया है। मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी बताई गई है।

ये सामग्री जब्त

पुलिस ने हीरो होंडा स्प्लेंडर और होंडा सीबी शाइन मोटरसाइकिल, वारदात में इस्तेमाल जुपिटर स्कूटी, वायर काटने का कटर और 10,710 रुपये नगद जब्त किए हैं।