पड़ोसियों के विवाद में बीच-बचाव करना पड़ा भारी, व्यक्ति के पेट में धारदार हथियार से किया वार
उत्कल नगर में 8 अक्टूबर की रात हुई वारदात, पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा

दुर्ग। पड़ोसियों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना दुर्ग के उत्कल नगर क्षेत्र में 8 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे हुई। आरोप है कि बीच-बचाव करने पर आरोपी ने पवन सिन्हा (38) के पेट के बाईं ओर धारदार हथियार से वार कर दिया। हमले में पवन जमीन पर गिर पड़े। मामले में पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने आरोपी नीलकमल ठाकुर उर्फ नरेश ठाकुर (41) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
विवाद शांत कराने पहुंचे थे पवन सिन्हा
पुलिस के अनुसार, पवन सिन्हा निवासी उत्कल नगर, न्यू पुलिस लाइन के पीछे, 8 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी गणेश मलिक और नीलकमल ठाकुर उर्फ नरेश ठाकुर के बीच विवाद हो रहा था। पवन ने दोनों के बीच हस्तक्षेप कर विवाद शांत कराने का प्रयास किया।
आरोप है कि इसी दौरान नीलकमल ठाकुर ने जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे धारदार हथियार से पवन के पेट के बाईं ओर वार कर दिया। हमले के बाद पवन जमीन पर गिर पड़े।
पुलिस ने हथियार किया जब्त
घटना के संबंध में पवन की रिपोर्ट पर पद्मनाभपुर थाना में अपराध क्रमांक 644/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की पतासाजी की और उसे अभिरक्षा में लिया। पूछताछ एवं मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार जब्त किया गया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने की शांति बनाए रखने की अपील
पुलिस के मुताबिक, आरोपी नीलकमल ठाकुर उर्फ नरेश ठाकुर मूल रूप से डंगनिया, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद का निवासी है। वर्तमान में वह पद्मनाभपुर क्षेत्र के पीएम आवास में रह रहा था।