चोरी का कॉपर वायर खरीदने वाला कबाड़ी गिरफ्तार, ₹40 हजार में बेचा गया था चोरी का माल
सुपेला पुलिस ने दुकान पर दबिश देकर कॉपर वायर और रेलवे पटरी में इस्तेमाल होने वाला लोहे का सामान किया बरामद









भिलाई। निर्माणाधीन मकान से कॉपर वायर और नल की टोटियां चोरी करने के मामले में सुपेला पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मनोज कुमार गुप्ता (42 वर्ष), निवासी महात्मा गांधी नगर, पावर हाउस, भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी दुकान पर दबिश देकर चोरी का कॉपर वायर और रेलवे पटरी में इस्तेमाल होने वाला लोहे का सामान बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, बालाजी चौक, कृष्णा नगर में देवांगन होटल के पास स्थित अपने निर्माणाधीन मकान से बिजली वायर, कॉपर वायर के सात बंडल और नल की टोटियां चोरी होने की शिकायत मोहम्मद आजाद ने दर्ज कराई थी। मामले में सुपेला थाने में अपराध क्रमांक 1423/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
तीन अन्य चोरियों के वायर के साथ बेचा गया माल
विवेचना के दौरान पुलिस ने पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों लोकेश ठाकुर और समीर कुमार डहरे तथा दो विधि से संघर्षरत बालकों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में जानकारी मिली कि चोरी किए गए कॉपर वायर को तीन अन्य चोरियों के वायर के साथ मिलाकर कबाड़ी मनोज कुमार गुप्ता को कुल 40 हजार रुपये में बेचा गया था।
इस जानकारी के आधार पर सुपेला पुलिस ने कबाड़ी की दुकान पर दबिश दी। तलाशी और कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कॉपर वायर के साथ रेलवे पटरी में उपयोग होने वाला लोहे का सामान भी बरामद किया। इसके बाद मनोज कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कबाड़ी कारोबारियों को पुलिस की चेतावनी
दुर्ग पुलिस ने कबाड़ी कारोबारियों से अपील की है कि कॉपर वायर, बिजली उपकरण और लोहे का सामान खरीदते समय उसकी वैधता तथा आवश्यक दस्तावेजों की जांच करें। चोरी की सामग्री खरीदने या बेचने में संलिप्त पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में सुपेला थाना प्रभारी निरीक्षक एस.एन. सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक चितराम ठाकुर, प्रधान आरक्षक सुबोध पाण्डेय, प्रधान आरक्षक प्रहलाद सिरमौर और आरक्षक प्रदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
