भिलाई स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, 50 फीट से गिरा क्रेन केबिन, ठेका मजदूर गंभीर

भिलाई स्टील प्लांट से एक बड़ी खबर सामने आई है। ब्लास्ट फर्नेस एरिया में शुक्रवार तड़के एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। ओवर ब्रिज क्रेन का केबिन करीब 45 से 50 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे में क्रेन ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसा ब्लास्ट फर्नेस के रॉ मैटेरियल एरिया में हुआ, जहां ओवर ब्रिज क्रेन नंबर-4 का केबिन अचानक टूटकर नीचे गिर गया। हादसे के समय केबिन के अंदर ठेका मजदूर और क्रेन ऑपरेटर रविंद्र चौधरी मौजूद थे।

गिरते समय केबिन बीच में स्टील बीम से टकरा गया, जिससे उसकी रफ्तार कुछ कम हुई और एक और बड़ा हादसा टल गया। इसके बावजूद ऑपरेटर रविंद्र चौधरी को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं।
हादसे के तुरंत बाद उन्हें मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही भिलाई स्टील प्लांट के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई।
बताया जा रहा है कि यही ओवर ब्रिज क्रेन ब्लास्ट फर्नेस तक आयरन ओर पहुंचाने का महत्वपूर्ण काम करती है। हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर क्रेन को तत्काल बंद कर दिया गया है। इससे रॉ मैटेरियल हैंडलिंग का काम प्रभावित हुआ है और इस क्रेन से जुड़ा उत्पादन फिलहाल ठप हो गया है।
