पत्रकार हनु नायक गिरफ्तार, चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में मारपीट और धमकी देने का आरोप, पुलिस ने भेजा न्यायिक रिमांड पर

पत्रकारिता का धौंस दिखाकर विभागीय कर्मचारियों को झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी देने और शासकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप

पत्रकार हनु नायक गिरफ्तार, चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में मारपीट और धमकी देने का आरोप, पुलिस ने भेजा न्यायिक रिमांड पर

दुर्ग। महिला एवं बाल विकास विभाग के चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में काउंसलिंग के दौरान कथित मारपीट, धक्का-मुक्की और धमकी देने के मामले में दुर्ग पुलिस ने आरोपी हनु नायक उर्फ हनुमान (30 वर्ष), निवासी टंकी मरोदा, को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पत्रकारिता का धौंस दिखाकर विभागीय कर्मचारियों को झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी देने और शासकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप है। पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

बालिका की काउंसलिंग के दौरान हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता चंद्रप्रकाश पटेल (42 वर्ष), निवासी सिविल लाइन, कसारीडीह, दुर्ग, महिला एवं बाल विकास विभाग के चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में परियोजना समन्वयक के पद पर कार्यरत हैं। विभाग की टीम भिक्षावृत्ति में संलग्न बच्चों को संरक्षण और सुरक्षा प्रदान करने के लिए कार्रवाई करती है।

इसी क्रम में नेहरू नगर चौक पर एक लगभग 15 वर्षीय बालिका को कार के शीशे साफ करते हुए पाए जाने पर विभागीय टीम उसे कार्यालय लेकर आई थी। इसके बाद बालिका और उसकी मां गोलू बाई को बुलाकर काउंसलिंग की जा रही थी। इसी दौरान आरोपी हनु नायक उर्फ हनुमान द्वारा कथित रूप से महिला और विभागीय कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की एवं मारपीट की गई। शिकायत में पत्रकारिता का धौंस दिखाकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।

शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज

घटना के संबंध में चंद्रप्रकाश पटेल की रिपोर्ट पर पद्मनाभपुर थाना में अपराध क्रमांक 646/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 121(2), 132, 296, 115(2) एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ और विवेचना के बाद विधिवत गिरफ्तारी की गई तथा न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पहले भी दर्ज हैं मारपीट के मामले

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध पूर्व में सुपेला और नेवई थानों में भी मारपीट संबंधी प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। वर्तमान मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई की है।