दुर्ग में सिगरेट मांगने से शुरू हुआ विवाद, चाकूबाजी में 26 वर्षीय युवक की मौत
महिला मित्र से कथित दुर्व्यवहार के बाद बढ़ा विवाद, दो संदिग्ध हिरासत में

दुर्ग। मोहन नगर थाना क्षेत्र के हरिनगर स्थित एक पीजी में सोमवार को मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। हैरिटेज स्कूल के पीछे हुई इस घटना में चाकू से हमला किए जाने के बाद 26 वर्षीय युवक चित्रेश सहारे की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दो संदिग्ध आरोपियों वैभव और राजकुमार यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक चित्रेश सोमवार दोपहर अपने दोस्त रवि के पीजी कमरे में एक महिला मित्र के साथ पहुंचा था। इसी दौरान पीजी में रहने वाले वैभव और राजकुमार यादव से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत सिगरेट मांगने को लेकर हुई। इसी बीच महिला मित्र के साथ कथित दुर्व्यवहार की बात सामने आने के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।
देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज और फिर हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर वैभव और राजकुमार ने चित्रेश के साथ मारपीट की और इसी दौरान चाकू से हमला कर दिया। चाकू चित्रेश के पैर और जांघ के हिस्से में लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल चित्रेश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि पुलिस घटना की सभी कड़ियों की जांच कर रही है। पीजी में मौजूद अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, घटना के समय मौके पर कौन-कौन मौजूद था और चाकू से हमला किसने किया।
फिलहाल दोनों संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
