धमतरी में चाकूबाजों पर पुलिस का शिकंजा, दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार
भखारा पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर चाकू लेकर लोगों को डराने वाले आरोपियों को दबोचा, दो धारदार चाकू जब्त, दोनों न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गए।

धमतरी। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में चाकूबाजी, गुंडागर्दी और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भखारा पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से धारदार चाकू बरामद किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पहले मामले में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम भिंडरावनी भाटापारा निवासी नरेंद्र कुमार पटेल (25) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

दूसरे मामले में पुलिस को सूचना मिली कि मनीष यादव (19) भिंडरवानी मुक्तिधाम के पास धारदार चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और उसके कब्जे से एक धारदार चाकू जब्त किया। आरोपी के खिलाफ धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूमता हुआ दिखाई दे या कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
