धमतरी से काठमांडू तक साइकिल यात्रा कर दिया नशा मुक्ति का संदेश, समाजसेवी तुलसी राम साहू का एसपी ने किया सम्मान

धमतरी से काठमांडू तक साइकिल यात्रा कर दिया नशा मुक्ति का संदेश, समाजसेवी तुलसी राम साहू का एसपी ने किया सम्मान

धमतरी। नशा मुक्ति के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से धमतरी (छत्तीसगढ़) से काठमांडू (नेपाल) तक साइकिल यात्रा करने वाले समाजसेवी तुलसी राम साहू को उनके समाजहितैषी कार्यों के लिए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

तुलसी राम साहू ने अपनी पूरी यात्रा के दौरान लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी और युवाओं सहित आम नागरिकों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। उनके इस अभियान की सराहना करते हुए एसपी सूरज सिंह परिहार ने उन्हें सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही धमतरी पुलिस द्वारा संचालित नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान में आगे भी सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

सम्मान समारोह के दौरान तुलसी राम साहू ने पर्यावरण संरक्षण और पक्षी संवर्धन का संदेश भी दिया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को पक्षियों के सुरक्षित आश्रय के लिए कृत्रिम मिट्टी के घड़ेनुमा घोंसले भेंट किए। उन्होंने नागरिकों से भी अपने घरों और आसपास ऐसे घोंसले लगाने की अपील की, ताकि पक्षियों को सुरक्षित आश्रय मिल सके और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिले। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं समाजसेवी तुलसी राम साहू के सहयोगी जगने भी मौजूद रहे। धमतरी पुलिस ने कहा कि समाजहित, जनजागरूकता, नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण जैसे सकारात्मक अभियानों में योगदान देने वाले व्यक्तियों को भविष्य में भी सम्मानित और प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।