जंगल में मिला अज्ञात शव, 7 महीने बाद भी नहीं हुई पहचान, पुलिस ने आमजन से मांगी मदद
ग्राम भंडारवाड़ी के सागौन प्लाट में मिला था 40 से 45 वर्षीय पुरुष का शव, काली-सफेद धारीदार शर्ट पहने हुए था मृतक, फोटो और हुलिए के आधार पर पहचान कराने की अपील

धमतरी। जिले के दुगली थाना क्षेत्र के जंगल में मिले एक अज्ञात पुरुष के शव की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने मृतक का हुलिया और उसके पहने हुए कपड़ों का विवरण सार्वजनिक करते हुए लोगों से इस जानकारी को अधिक से अधिक साझा करने का आग्रह किया है, ताकि मृतक के परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 अप्रैल 2026 को थाना दुगली अंतर्गत ग्राम भंडारवाड़ी के जंगल स्थित सागौन प्लाट में एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ था। मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष आंकी गई है। पुलिस ने अपने स्तर पर उसकी पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास किए, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है।
पुलिस ने जारी किया मृतक का हुलिया
धमतरी पुलिस के अनुसार मृतक की लंबाई लगभग 5 फीट 3 इंच थी। उसका शरीर दुबला-पतला, रंग सांवला और चेहरा लंबा था। उसके दांत बाहर की ओर दिखाई देते थे तथा बाल अधपके थे। शव मिलने के समय मृतक ने काले-सफेद लाइनिंग वाली शर्ट और काले रंग का चड्ढी पहन रखा था।
परिजनों तक सूचना पहुंचाने में आमजन से सहयोग की अपील
पुलिस ने आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे मृतक के फोटो, हुलिए और पहनावे के विवरण को ध्यान से देखें। संभव है कि मृतक किसी परिवार का सदस्य हो और उसके परिजन लंबे समय से उसकी तलाश कर रहे हों। ऐसे में किसी व्यक्ति द्वारा दी गई छोटी सी जानकारी भी उसकी पहचान कराने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
इन नंबरों पर दें सूचना
यदि किसी व्यक्ति को मृतक के संबंध में कोई जानकारी है या वह उसकी पहचान कर सकता है तो तत्काल थाना प्रभारी दुगली के मोबाइल नंबर 94791-91327 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम धमतरी के मोबाइल नंबर 9479192299 और फोन नंबर 07722-231344 पर संपर्क कर जानकारी दे सकता है। धमतरी पुलिस ने लोगों से इस सूचना को सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से अधिक से अधिक साझा करने की अपील की है, ताकि अज्ञात मृतक की पहचान सुनिश्चित कर उसके परिवार तक सूचना पहुंचाई जा सके।